नगर पालिका परिषद मलाजखंड द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ एवं ‘सफाई मित्र सुरक्षा’ पहल के अंतर्गत सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वच्छता जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका परिसर में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में चिकित्सकों की टीम ने सफाई मित्रों की नियमित स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।

जांच के बाद चिकित्सकों ने आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।कार्यक्रम में सफाई मित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों जैसे पीपीई किट, ग्लव्स एवं मास्क के उचित उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

नगर पालिका अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।इसी क्रम में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कलाकारों ने गीले एवं सूखे कचरे को स्रोत पर अलग-अलग रखने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा सफाई मित्रों के कार्य में सहयोग करने का संदेश दिया।