कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने ग्राम बलावनी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान समुदाय से सामाजिक संवाद करते हुए तम्बाकू युक्त उत्पादों गुटखा, पुडिया के सेवन को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए कहा कि यह आर्थिक दृष्टिकोण से भी नुकसानदायक है। इनके सेवन से कई प्रकार की बीमारियां हो जाती है और परिवार को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पडता है। नशे के दुर्व्यसनों को त्यागने का आव्हान करते हुए उन्होंने उपस्थित समुदाय को गुटखा, पुडिया छोडने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि तम्बाकूयुक्त गुटखा, पुडिया के दुर्व्यसन को छोडने के लिए आंवले की सुपारी आदि का सेवन भी किया जा सकता है।

विजयपुर विकासखण्ड के ग्राम बलावनी में आयोेजित जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्री अभिषेक मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर एवं सीईओ जनपद श्री पवन घुरैया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने महिलाओं से आव्हान किया कि वे नशे के विरूद्ध अलख जगाने की मुहिम में सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाये तथा सभी अपने बच्चों को नियमित रूप से पढने के लिए विद्यालय भेजे। पोषण के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार दें तथा महिलाएं स्वयं भी पोषणयुक्त भोजन का सेवन करें। जनसुनवाई के दौरान 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कुछ प्रमुख एवं सार्वजनिक दृष्टिकोण की समस्याओं का निदान मौके पर ही किया गया।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा ग्रामीणों की सामुहिक मांग पर तत्काल ही खराब पडे हैंडपम्प का संधारण कार्य शुरू कराया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव की नलजल योजना वर्तमान में चालू नही है, इस पर पीएचई अधिकरियों ने जानकारी दी कि नलजल योजना के संधारण के संबंध में प्रक्रिया की जा रही है, इस संबंध में 80 हजार 628 रूपये का स्टीमेट तैयार कर तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई है तथा वर्तमान में सिगंल फेस मोटर और हैंडपम्प के माध्यम से पानी की उपलब्धता है।

ग्रामीणों द्वारा एक हैंडपम्प खराब होने की ओर ध्यान आकृष्ट कराने पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा पीएचई के माध्यम से तत्काल ही हैंडपम्प का सुधार कार्य शुरू कराया गया।

ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से गांव में पानी की निकासी नही होने के चलते सडक पर पानी के कारण कीचड की समस्या से अवगत कराये जाने पर निर्देश दिये गये कि सडक किनारे नाली का निर्माण कराया जायें तथा यह कार्य एक-दो दिवस में शुरू कर अवगत कराया जाये। ग्रामीणों द्वारा भी नाली निर्माण के लिए सहमति व्यक्त की गई।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम बलावनी निवासी श्री वकील आदिवासी द्वारा आवास योजना की तीसरी किस्त खाते में नही आने संबंधी समस्या पर तत्काल ही हितग्राही की डीबीटी कराकर तीसरी किस्त के एफटीओ जारी कराया गया, परीक्षण में पाया गया कि पूर्व की दो किस्ते बैंक खाते के माध्यम से मिलने के बाद डीबीटी नही होने से तीसरी किस्त का भुगतान नही हो पाया था।

ग्रामीणों द्वारा पीली करार से भूतकछा तक सडक निर्माण के अधूरे कार्य की ओर ध्यान आकृष्ट कराने पर पीडब्ल्यूडी को मार्ग निर्माण के संबंध में आगे की कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये, बताया गया कि संबंधित ठेकेदार के विरूद्ध कार्यवाही की गई है तथा इसके उपरांत नवीन प्रक्रिया की जा रही है। इसी प्रकार भूतकछा में प्रायमरी स्कूल में नवीन भवन निर्माण की प्रगति बढाने के निर्देश भी दिये।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि 25 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है, इस पर निर्देशित किया गया कि लगातार मॉनीटरिंग कर भवन निर्माण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जायें।