शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, उन्हें डिजिटल कार्यप्रणाली में दक्ष बनाने और लंबे समय से CPCT परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए प्रयासरत कर्मचारियों को सफलता दिलाने की दिशा में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की पहल पर विदिशा जिले में एक सराहनीय नवाचार किया गया है। कलेक्टर की विशेष पहल और प्रभावी मार्गदर्शन से कर्मचारियों को ई-दक्ष केंद्र विदिशा में नियमित प्रशिक्षण एवं टाइपिंग अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।

इस नवाचार की खास बात यह है कि जो कर्मचारी पिछले लगभग 10 वर्षों से CPCT परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास के माध्यम से सफलता की नई राह मिली है। इसी क्रम में मात्र एक माह के नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास के बाद सहायक ग्रेड- 3 के कर्मचारी श्री मयंक आर्य ने CPCT परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वहीं, दो अन्य कर्मचारियों ने भी हिंदी टाइपिंग में शानदार गति प्राप्त कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया है।

दो घंटे के नियमित प्रशिक्षण से मिला सफलता का मार्ग

उल्लेखनीय है कि जिले के कुछ कर्मचारी लंबे समय से CPCT परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए प्रयासरत थे, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही थी। कर्मचारियों की इस समस्या और उनकी कठिनाइयों को गंभीरता से समझते हुए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने ई-दक्ष केंद्र विदिशा में विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने की पहल की। इसके तहत कर्मचारियों के लिए प्रतिदिन दो घंटे का नियमित प्रशिक्षण एवं टाइपिंग अभ्यास सुनिश्चित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को व्यवस्थित मार्गदर्शन, कंप्यूटर संचालन की जानकारी, हिंदी टाइपिंग का नियमित अभ्यास तथा अपनी टाइपिंग गति और कार्यकुशलता में सुधार करने का अवसर मिला। नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण की इस व्यवस्था ने कर्मचारियों के आत्मविश्वास को बढ़ाया और परीक्षा की तैयारी को अधिक प्रभावी बनाया।

शेष 10 कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य

इस पहल से उत्साहित होकर अब प्रशिक्षण के अगले चरण में शेष 10 कर्मचारियों को भी नियमित अभ्यास एवं मार्गदर्शन के माध्यम से CPCT परीक्षा की तैयारी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि निरंतर प्रशिक्षण और अभ्यास से ये कर्मचारी भी शीघ्र परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल करेंगे।

डिजिटल दक्षता और कर्मचारी क्षमता संवर्धन की दिशा में नवाचार

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की यह पहल प्रशासनिक नवाचार और सकारात्मक कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण है। इससे यह साबित हुआ है कि कर्मचारियों की समस्याओं को समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए तो वर्षों से लंबित चुनौतियों का समाधान भी कम समय में संभव हो सकता है।

यह पहल केवल CPCT परीक्षा में सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय कर्मचारियों के कौशल विकास, कंप्यूटर दक्षता और डिजिटल कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षित एवं दक्ष कर्मचारी शासकीय कार्यालयों में ऑनलाइन कार्यों और डिजिटल सेवाओं का अधिक प्रभावी ढंग से संचालन कर सकेंगे।

कलेक्टर श्री गुप्ता के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल जिले के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी बन रही है। एक माह के प्रशिक्षण से मिली सफलता ने यह संदेश दिया है कि सही दिशा में किया गया नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन सफलता की राह आसान बना सकता है।