कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आज जिले के ग्राम बेलिया छोट स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण आहार वितरण की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से कहानी सुनाने के लिए कहा। इस दौरान बच्चों सौम्या केवट एवं मानस केवट ने कलेक्टर को कविताएं एवं कहानियां सुनाईं। बच्चों की प्रस्तुति पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने बच्चों से आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा बताया गया कि केंद्र में लगभग 24 बच्चे दर्ज हैं।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा परिसर में फलदार एवं स्थानीय प्रजाति के पौधों का रोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक रुचिकर बनाने के लिए कहानियों एवं खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण कार्य कराने तथा बच्चों को नियमित रूप से अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बच्चों की शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग, नायब तहसीलदार श्री लौतेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





