समाज में जरूरतमंदों की सहायता और वस्तुओं के सदुपयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जेएच शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल के कन्या छात्रावास नवीन में ‘ नेकी का आश्रय ’ नाम से एक अनूठी सामाजिक पहल प्रारंभ की जा रही है।
प्राचार्य डॉ मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों के घरों में रखी ऐसी उपयोगी वस्तुओं को एकत्रित करना है, जिनकी अब उन्हें आवश्यकता नहीं है, लेकिन वे किसी अन्य जरूरतमंद व्यक्ति के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। कन्या छात्रावास अधीक्षिका डॉ निहारिका भावसार ने बताया कि अक्सर लोग घरों में कपड़े, जूते-चप्पल, बैग, रसोई का सामान, होम डेकोर, घरेलू उपयोग की वस्तुएँ, किताबें एवं स्टेशनरी जैसी अनेक चीजें खरीदते हैं, जिनका उपयोग कुछ समय बाद बंद हो जाता है। ये वस्तुएँ घरों में अनुपयोगी पड़ी रहती हैं, जबकि किसी जरूरतमंद के लिए वही वस्तुएं उसकी आवश्यकता पूरी करने का माध्यम बन सकती हैं।
‘ नेकी का आश्रय ’ इसी सोच को साकार करने का एक प्रयास है, जहां लोग अपनी अनुपयोगी लेकिन अच्छी स्थिति में मौजूद वस्तुएँ दान कर सकेंगे। विशेष रूप से दीपावली के अवसर पर घरों की साफ-सफाई के दौरान निकलने वाली उपयोगी वस्तुओं को फेंकने के बजाय इस आश्रय तक पहुँचाने की अपील की गई है।इस पहल की विशेषता यह है कि इसमें दान के लिए किसी विशेष दिन या समय की बाध्यता नहीं होगी। इच्छुक व्यक्ति वर्ष के सभी 12 महीने अपनी सुविधानुसार कन्या छात्रावास (नवीन) में वस्तुएं जमा कर सकते हैं। हालांकि, फटे, खराब एवं अनुपयोगी सामान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी वस्तुएँ साफ-सुथरी अवस्था में व्यवस्थित रूप से पैक करके देने का अनुरोध किया गया है।
छात्रावास अधीक्षक ने शहरवासियों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से इस सामाजिक पहल में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। इस पहल के माध्यम से न केवल जरूरतमंदों की सहायता होगी, बल्कि वस्तुओं के पुनः उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश भी प्रसारित होगा। ‘ जो आपके लिए अतिरिक्त है, वह किसी और के लिए आवश्यकता हो सकती है। ’ इसी भावना के साथ ‘ नेकी का आश्रय ’ समाज में सहयोग, संवेदना और खुशियां बाँटने की एक छोटी-सी लेकिन सार्थक पहल बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।



