युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत), धार द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के ऑडिटोरियम हॉल स्थित विक्रम सभागृह में विकसित भारत युवा संवाद एवं युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, वैचारिक संवाद, नेतृत्व क्षमता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। प्रथम सत्र में युवा संवाद तथा द्वितीय सत्र में युवा संसद प्रतियोगिता संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए प्रश्नोत्तर सत्र में उनके सवालों के सहजता से जवाब दिए। उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा पर अपने विचार रखते हुए युवाओं को अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेड़ा ने भी इस विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ‘नो योर वोट’ विषय पर यूथ आइकॉन अभिषेक ठाकुर ने प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया एवं भारतीय निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी विशाल दामके ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेलों को करियर के रूप में अपनाने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर माय भारत वॉलंटियर अमित भगोरे ने उपस्थितजनों को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता की शपथ दिलाई। द्वितीय सत्र में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें धार जिले के युवाओं ने विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में श्री प्रवीण शर्मा (बीईओ), नईदुनिया के ब्यूरो चीफ श्री प्रेम विजय पाटिल, भोज फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री दीपक विडकर, पीजी कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. मीरा जामोद एवं समाजसेवी श्री शरद विजयवर्गीय शामिल रहे। प्रतियोगिता में तिशा ठाकुर ने प्रथम, कृतिका सोनी ने द्वितीय तथा पीयूष अजनारे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चयनित तीनों प्रतिभागी भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में धार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत की लेखा एवं कार्यक्रम सहायक श्रीमती किरण यादव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के श्री अनिरुद्ध चावड़ा तथा माय भारत के वॉलंटियर्स का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री रमेश जामरा सहित बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।