मध्यप्रदेश शासन एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले की 9 शासकीय एवं अशासकीय गौशालाओं में 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पर्व के अवसर पर गौपूजन एवं गोवर्धन पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके महत्व को रेखांकित करते हुए पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाया गया।

विकासखंड डिंडौरी के ग्राम रुसा घानामार स्थित गौशाला में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की उपस्थिति में गोवर्धन पर्व धूमधाम से मनाया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर, एसडीएम डिंडौरी एवं ग्राम पंचायत रुसा के सरपंच द्वारा गोवर्धन पर्वत तथा गायों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गौशाला में उपलब्ध गौवंश को अपने हाथों से लड्डू, गुड़, केला, खिचड़ी एवं गो-ग्रास खिलाकर गौसेवा का संदेश दिया गया।

इसी क्रम में ग्राम वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित पशुपालकों को प्रमाण पत्र एवं शॉल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. आर.एम. भुरमुदे द्वारा पशुपालकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहित करने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत रुसा घानामार एवं गौशाला संचालनकर्ता स्व-सहायता समूह की दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद प्रेषित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभागीय अमले, ग्राम पंचायत एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।