शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन इंदौर में इकोक्लब एवं जूलॉजी विभाग द्वारा आयोजित “ वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन ” विषय पर सात दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का समापन 7 अक्टूबर 2026 को हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में इकोक्लब प्रभारी डॉ. पूजा जैन द्वारा किया गया।
सात दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के समापन अवसर पर डिजिटल पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों पर रचनात्मक डिजिटल पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. सुभाष सोनी एवं डॉ. अनिता मुकाती रहे।
प्रतियोगिता में एम. साक्षी अहिरवार ने प्रथम, गार्गी लोदवाल ने द्वितीय तथा करिश्मा बोरासी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र के साथ इको-फ्रेंडली पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वन्यजीव एवं जैव विविधता का संरक्षण केवल वन विभाग या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। छात्राओं में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना इस व्याख्यान श्रृंखला का प्रमुख उद्देश्य रहा। सात दिवसीय आयोजन के माध्यम से छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन के महत्व से अवगत कराया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अनिता मुकाती, प्रो. ऋतु मथुरिया, डॉ. अमरीश निगम, डॉ. आशीष कपूर, प्रो. खुशबू निगम सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




