उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 1291 सामाजिक चेतना केंद्रों पर नवसाक्षरों की मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश के मार्गदर्शन में किया गया। परीक्षा के दौरान नवसाक्षरों में उत्साह देखने को मिला। अक्षरसाथियों एवं नोडल अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले नवसाक्षरों का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
निरीक्षण दल एवं कंट्रोल रूम से हुई निगरानी
परीक्षा के सुचारू संचालन एवं व्यवस्थाओं के अवलोकन के लिए जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप द्विवेदी द्वारा सभी विकासखंडों में निरीक्षण दल गठित किए गए। साथ ही विकासखंड स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं परीक्षा आयोजन की सतत निगरानी की गई। सभी केंद्रों पर नवसाक्षरों को सहज एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया अवलोकन
जिला सह समन्वयक साक्षरता श्री अखलेश राजोरिया, प्रभारी बीआरसी एवं बीएसी श्री ब्रजेश नेमा तथा विकासखंड सह समन्वयक साक्षरता श्री विजय नामदेव ने जनपद शिक्षा केंद्र नरसिंहपुर अंतर्गत संचालित उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के विभिन्न सामाजिक चेतना केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नवसाक्षरों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा परीक्षा के संचालन की जानकारी ली।
सामूहिक सहभागिता से संपन्न हुई परीक्षा
जिले के विभिन्न सामाजिक चेतना केंद्रों पर विकासखंड स्रोत समन्वयकों, विकासखंड सह समन्वयकों, जनशिक्षकों, संकुल सह समन्वयकों एवं अक्षरसाथियों ने परीक्षा के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। समन्वित प्रयासों से परीक्षा का आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य असाक्षर वयस्कों को पढ़ने, लिखने और सामान्य गणितीय गणनाओं का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें दैनिक जीवन में अधिक सक्षम बनाना है। जिले में आयोजित यह परीक्षा नवसाक्षरों की सीखने की उपलब्धियों के मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।





