प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से गाडरवारा में 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70 वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर- 19 बालक वर्ग के लिए विभिन्न राज्यों एवं संस्थाओं की टीमों का आगमन शुरू हो गया है। दीपावली की देर रात्रि से खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हुआ। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है तथा खिलाड़ियों के स्वागत एवं आवास की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सबसे पहले ओवरनाइट एक्सप्रेस से ओडिशा की टीम गाडरवारा रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद सोमवार सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से केरल की टीम का आगमन हुआ। सोमवार को ही महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल एवं पुडुचेरी की टीमें भी विभिन्न ट्रेनों से गाडरवारा पहुंचीं।
स्टेशन पर तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर किया स्वागत
रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली टीमों का शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान प्राचार्य श्री प्रतुल इंदुरख्या, बीईओ श्री वीरेंद्र राजपूत, प्राचार्य श्री एम.के. चक्रवर्ती, श्री ए.के. रघुवंशी, बीआरसी श्री संदीप स्थापक, श्री ओ.पी. राय, जिला क्रीड़ा एवं कल्याण निरीक्षक श्री अनुज जैन, पीटीआई श्री मुकेश पटेल, श्री विक्रम शर्मा, श्री सोमनाथ मेहरा एवं श्री शिवकुमार कौरव सहित अन्य शिक्षकों ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके पश्चात खिलाड़ियों को निर्धारित आवास स्थलों तक पहुंचाया गया, जहां आवास व्यवस्था में लगे सदस्यों द्वारा भी उनका आत्मीय स्वागत एवं अगवानी की गई।
29 टीमों के खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों एवं शैक्षणिक खेल संगठनों की कुल 29 टीमें सहभागिता करेंगी। इनमें आंध्र प्रदेश, बिहार, सीबीएसई, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, सीआईएससीई, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, आईबीएसएसओ, आईपीएससी, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, नवोदय विद्यालय समिति, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं पश्चिम बंगाल की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल एवं टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था नगर के विभिन्न शादी गार्डनों में की गई है, जबकि उनके भोजन की व्यवस्था पीएमश्री शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गाडरवारा में की गई है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं शिक्षकों की टीमें सक्रिय हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात्रि तक सभी टीमों के गाडरवारा पहुंचने की संभावना है।





