संभाग स्तरीय शालेय खेल कैलेंडर के अंतर्गत सीधी जिले में दो दिवसीय संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। 16 एवं 17 अक्टूबर तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में संभाग के चारों जिलों के लगभग 800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल कौशल निखारने का अवसर मिल रहा है।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बालक 14 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। जिला शिक्षा अधिकारी ने वुशू ट्रेनिंग सेंटर, पुलिस लाइन सीधी में आयोजित कुरास प्रतियोगिता का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
विभिन्न खेल विधाओं में हो रही प्रतियोगिताएं
आयोजन के अंतर्गत बालक-बालिका 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता, बालक 14 वर्ष क्रिकेट, बालक-बालिका 19 वर्ष थ्रो बॉल, बालक-बालिका 14 वर्ष बास्केटबॉल, साइकिलिंग, कुरास, स्क्वैश एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, दक्षता और खेल भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं।
चार स्थानों पर आयोजित हो रही प्रतियोगिताएं
संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सीधी के छत्रसाल स्टेडियम, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, क्रिकेटर हब अकादमी हाउसिंग बोर्ड तथा वुशू ट्रेनिंग सेंटर, पुलिस लाइन में किया जा रहा है। विभिन्न स्थलों पर खेलों के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी-अपनी विधाओं में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल रहा है।



