खाचरौद में स्वयं सहायता समूह द्वारा टेक होम राशन का निर्माण एवं वितरण शुरू

उज्जैन 13 सितंबर। राज्य सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के 27 जुलाई 2026 के निर्देशों के परिपालन में अब टेक होम राशन (THR) के निर्माण एवं वितरण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों (SHG) को सौंप दी गई है। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) खाचरौद नेहा साहू के मार्गदर्शन में ग्राम घिनौदा के स्वयं सहायता समूह द्वारा THR निर्माण और वितरण का कार्य सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दिया गया है।

कार्य की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गत दिनों कलेक्टर श्री सिंह द्वारा घिनौदा स्थित निर्माण इकाई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों और वितरण प्रणाली की गहन समीक्षा की। कलेक्टर महोदय ने समूह की महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना करते हुए इस पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए एसडीएम खाचरौद के कुशल नेतृत्व एवं प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस नई व्यवस्था से आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनेंगी। यह पहल पोषण सुरक्षा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।