जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा एवं ‘छू लो आसमान’ कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिले में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा कन्या क्रीड़ा परिसर कड़ावदबड़ी में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार सम्मिलित हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए कबड्डी मैच देखा।
कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में विकासखंड रामा की टीम विजेता एवं झाबुआ की टीम उपविजेता रही। वहीं बालक वर्ग में झाबुआ की टीम विजेता एवं मेघनगर की टीम उपविजेता रही।
इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय कन्या हाई स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार एवं जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती सुप्रिया बिसेन उपस्थित रहीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन कर जनजातीय युवाओं एवं विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। साथ ही जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, समाज में स्वाभिमान की भावना जागृत करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।





