इलेक्ट्रिक व्हीकल के तेजी से बढ़ते क्षेत्र में युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु Grow Green EV द्वारा इच्छुक छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ईवी सर्टिफिकेट कोर्स कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देने के साथ रोजगार एवं जॉब प्लेसमेंट में भी सहयोग किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं को ईवी सर्विस टेक्नीशियन, ईवी सिस्टम एवं कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, डायग्नोस्टिक्स एवं ट्रबलशूटिंग, ईवी सुरक्षा एवं रखरखाव तथा ईवी बस टेक्नीशियन से संबंधित तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवा इलेक्ट्रिक वाहनों की सर्विसिंग, रखरखाव और तकनीकी कार्यों में दक्षता हासिल कर सकेंगे। इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि प्रशिक्षण के साथ प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और जॉब प्लेसमेंट में भी सहायता की जाएगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 नवंबर 2026 तक जिला रोजगार कार्यालय कटनी के कक्ष क्रमांक 125 में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी और आवेदन संबंधी सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9589691151 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी सुश्री सुषमा विश्वकर्मा एवं जॉब फेयर तथा करियर काउंसलिंग प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी ने जिले के युवाओं और युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल के बढ़ते क्षेत्र में तकनीकी कौशल हासिल कर युवा अपने लिए रोजगार की नई संभावनाएं तलाश सकते हैं।