कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से रोजगार मेले का आयोजन जिले की बेटियों को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में सार्थक परिणाम दे रही है। इसी क्रम में एकलव्य महिला आईटीआई में पूर्व में आयोजित कैंपस ड्राइव के माध्यम से चयनित 27 छात्राओं का दल बुधवार को पुणे के लिए रवाना हुआ।

यह दल केस कॉर्प प्रतिनिधि कुमारी वंदना राजपाल के नेतृत्व में फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड, पुणे में संचालित लर्न एंड अर्न कार्यक्रम से जुड़कर ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी में निःशुल्क डिप्लोमा, प्रशिक्षण एवं रोजगार का अवसर प्राप्त करेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत स्टाइपेंड, अटेंडेंस अलाउंस, रिटेंशन बोनस के साथ निःशुल्क कैंटीन एवं परिवहन सुविधा भी उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व इसी संस्थान के कैंपस ड्राइव के माध्यम से 61 छात्राओं का दल फॉक्सकॉन, बेंगलुरु एवं 10 प्रशिक्षणार्थियों का दल प्रतिमा सिटेक्स पीथमपुर के लिए रवाना हो चुका है। विवस कॉर्प प्रतिनिधि कुमारी वंदना राजपाल ने बताया कि कंपनी के लर्न एंड अर्न कार्यक्रम में महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे वे तकनीकी कौशल अर्जित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले की बेटियों का देश की प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों में प्रशिक्षण एवं रोजगार के लिए आगे आना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि युवाओं, विशेषकर बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हों और वे आत्मनिर्भर बनकर जिले का नाम रोशन करें।

जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम धुर्वे एवं जिला नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े ने इस पहल को जिले के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि उद्योगों से जुड़कर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करना उनके बेहतर भविष्य की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगा। महिला आईटीआई प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे ने बताया कि पूर्व में 61 छात्राओं का फॉक्सकॉन बेंगलुरु एवं 10 प्रशिक्षणार्थियों का दल प्रतिभा सिटॅक्स पीथमपुर जाना और आज 26 युवतियों का फिएट पुणे रवाना होना इस बात का संकेत है कि बैतूल जिले की बेटियां अब बड़े औद्योगिक संस्थानों में काम करने और अपना भविष्य बनाने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।

महिला आईटीआई बैतूल में आयोजित कैंपस ड्राइव संयोजक एवं वर्तमान में शासकीय आईटीआई चिचोली के प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे ने सभी युवतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने युवतियों से पूरी लगन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने परिवार और जिले का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम धुर्वे, जिला नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े, महिला आईटीआई प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे, आईटीआई चिचोली प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे, केस कॉर्प प्रतिनिधि कुमारी वंदना राजपाल, प्लेसमेंट अधिकारी श्री विवेक दायमा प्रशिक्षण अधीक्षक श्री घोषित महाजन, प्रशिक्षण अधिकारी श्री दिलीप कुमार सोनी, श्री सचिन सरले, श्री सोनू कुमार लिल्हारे, श्री रामनारायण गंगारे, श्री ललित पवार, कु प्रतिमा गोरे, श्री संदीप धुर्वे, श्री शेषराव सराटकर सहित स्टाफ उपस्थित रहे।