मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 16 नवंबर 2026 को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रीवा में संभाग स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रीवा संभाग के विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसमें सीधी जिले के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच में से तीन विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
सीधी जिले के प्रतिभागियों ने लोकनृत्य सामूहिक, लोकगीत सामूहिक एवं कविता लेखन विधा में प्रथम स्थान अर्जित किया। इन तीनों विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले के प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए किया गया है, जिसका आयोजन भोपाल में होगा।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सीधी ने सभी विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में सीधी जिले की टीम ने दल प्रभारी एवं जिला खेल प्रशिक्षक मानिंद शेर अली खान के नेतृत्व में सहभागिता की। इस दौरान सरोज पटेल (समन्वयक), रोशनी मिश्रा, अंकिता सेन, अनूप लखेरा, संतोष यादव, अनुपमा तिवारी एवं विनय दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सीधी जिले के प्रतिभागियों की यह उपलब्धि जिले की युवा प्रतिभाओं की सांस्कृतिक क्षमता, रचनात्मकता एवं कला के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करती है। अब सभी की निगाहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर हैं, जहां जिले के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


