प्रदेश के जनजातीय एवं वनांचल क्षेत्रों में तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीण परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के पात्र बच्चों को शिक्षा जारी रखने और उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार एकलव्य शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।

कक्षा 9वीं से उच्च शिक्षा तक छात्रवृत्ति

इस योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक तथा महाविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार छात्रवृत्ति दी जाती है। पात्रता के लिए पिछले 5 वर्षों में कम से कम तीन वर्षों तक प्रत्येक वर्ष एक मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण की शर्त तथा विद्यार्थियों के अंकों से संबंधित निर्धारित मानदंड लागू हैं। लागू दरों के अनुसार, कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को अधिकतम 15 हजार रुपये, कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को अधिकतम 18 हजार रुपये, गैर-तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को अधिकतम 25 हजार रुपये तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को अधिकतम 60 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। एकलव्य शिक्षा छात्रवृत्ति योजना वन आधारित आजीविका से जुड़े परिवारों के पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद करती है।