कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त विकासखण्डों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा 24 अक्टूबर को होगी। इसमें लगभग 47 हजार से अधिक नवसाक्षर शामिल होंगे। भारत सरकार के निर्देशानुसार 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असाक्षर व्यक्तियों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान प्रदान कर साक्षर करने हेतु उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के प्रावधानों के अनुसार प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ाने के लिए 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के ऐसे असाक्षर जिनमें यूनेस्कों की परिभाषा अनुसार, मुद्रित एवं लिखित सामग्री का उपयोग करके पहचानने, समझने, व्याख्या करने, संवाद करने और गणना करने की क्षमता नहीं है। ऐसे निरक्षरों को साक्षर करने के लिए उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम वर्ष 2022 से 2027 तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम अंतर्गत वर्ष में 2 बार बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन’’ परीक्षा आयोजित की जाती है।

सह समन्वयक श्री रामप्रताप सिंह जादौन ने बताया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले नवसाक्षर वह शिक्षार्थी होते हैं जिन्हें सर्वे के द्वारा चिन्हांकित किया गया हो और अक्षर साथियों के द्वारा उनका नामांकन किया जाकर राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा आईपीसीएल पद्धति से तैयार की गई उल्लास-अक्षर पोथी प्रवेशिका से अध्ययन कार्य किया हो। इसके अतिरिक्त पूर्व के वे नवसाक्षर भी इस परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं जिन्होंने साक्षरता कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित कक्षाओं में प्रवेशिका पूर्ण कर अंतरिम मूल्यांकन में सफलता अर्जित की हो, लेकिन प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं मिला हो। साथ ही ऐसे व्यक्ति जो पूर्व से शिक्षित है किंतु उनके पास किसी प्रकार का शैक्षणिक प्रमाण-पत्र न हो उन्हें भी प्रमाणीकरण के लिये मूल्यांकन परीक्षा में शामिल किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा 24 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से शुरू होगी और तीन घंटे तक चलेगी। जिला स्तर के शीर्ष अधिकारियों सहित विकासखण्डों एवं अन्य मैदानी अधिकारियों द्वारा गहन मॉनिटरिंग की जाएंगी। नवसाक्षरों को परीक्षा केन्द्र तक लाने में अक्षर साथी, सामाजिक संस्था, वरिष्ठ नागरिकों, एस.आर.एल.एन., एन.एस.एस. एन.सी.सी. भारत स्काउट गाईड, नेहरू युवा केन्द्र, जन अभियान परिषद अंतर्गत मुख्यमंत्री नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के छात्र/छात्राओं एवं अन्य समाज जनों का सहयोग लिया जाएगा।