जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद शिवपुरी के तत्वाधान में आगामी 28 अक्टूबर (बुधवार) को पर्यटक स्वागत केंद्र, छत्री रोड पर विभिन्न आकर्षक प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। परिषद के समन्वय से दोपहर से लेकर देर शाम तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न कलाओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं संपन्न होंगी। आयोजन के तहत 28 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक विशेष रूप से मेहंदी एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। दोपहर की प्रतियोगिताओं के पश्चात सायं 6.30 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। इस दौरान जूनियर एवं सीनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ-साथ देशभक्ति गीत, धार्मिक गीत और लोकगीत गायन के आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी श्री पुष्कल प्रताप सिंह, सहायक नोडल अधिकारी श्री सौरभ गौड़ एवं प्रबंधक श्री देव सोनी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी अपना पंजीयन समय पर करवा सकते हैं। पंजीयन के लिए जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद कार्यालय (कलेक्ट्रेट के पास) स्थित श्री आरपीएस कुशवाह से, होटल सुख सागर छत्री रोड अथवा श्री मुकेश आचार्य के मोबाइल नंबर 8319258033 पर संपर्क कर नाम दर्ज कराए जा सकते हैं।



